सवाईमाधोपुर. जिले में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने और आमजन की दैनिक जरूरतों को और अधिक सुगम बनाने के लिए शनिवार को आठ नई रोडवेज बसों को औपचारिक रूप से रवाना किया। वैदिक मंत्रोच्चार, अक्षत, रोली और पुष्प मालाओं से विधिवत पूजन के बाद जिला कलक्टर कानाराम ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को आगार से रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मजबूत परिवहन व्यवस्था सीधे तौर पर आमजन के जीवन से जुड़ी है और नई बसों के संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और सुविधाजनक सफर का लाभ मिलेगा। जयपुर, धौलपुर, भरतपुर, सोरोंजी, थानागाजी और नारायणपुर जैसे मार्गों पर कनेक्टिविटी बढ़ने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और पर्यटकों को राहत मिलेगी।
डिपो को मिली आठ नई बसें
डिपो मुख्य प्रबंधक पीयूष जैन ने बताया कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम को प्राप्त 144 नई बसों में से 8 बसें सवाई माधोपुर डिपो को आवंटित की हैं। इनमें दो बसों का संचालन सवाई माधोपुर से भरतपुर होते हुए सोरोंजी, दो बसों का सवाई माधोपुर-जयपुर एवं जयपुर-धौलपुर तथा एक बस का सवाई माधोपुर से थानागाजी होते हुए नारायणपुर मार्ग पर संचालन किया जाएगा। शेष तीन नई बसें पुरानी एवं खराब बसों के स्थान पर वर्तमान मार्गों पर संचालित की जाएंगी। नई बस सेवाओं से जयपुर, धौलपुर, भरतपुर, सोरोंजी, थानागाजी एवं नारायणपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं नियमित यात्रियों को लाभ मिलने के साथ मौजूदा मार्गों पर भी सेवाएं अधिक सुविधाजनक एवं विश्वसनीय होंगी।
10 हजार से अधिक यात्रियों को मिल रही रोडवेज सेवा
सवाईमाधोपुर आगार से वर्तमान में जयपुर, टोंक, अलवर, दौसा, बौंली, लालसोट, अजमेर, धौलपुर एवं उदयपुर सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों के लिए नियमित बस सेवाएं संचालित हैं। डिपो से प्रतिदिन करीब 32 बसों के माध्यम से लगभग 10 से 11 हजार यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिल रही है। नई बसों के संचालन से रोडवेज की पहुंच बढ़ने के साथ मौजूदा सेवाओं को और अधिक नियमित एवं सुविधाजनक बनाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व उपसभापति राजेश गोयल, समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन, लालचन्द गौतम सहित रोडवेज अधिकारी-कर्मचारी, यात्री एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments