सवाईमाधोपुर. मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में अब बेरोजगारी भत्ते का खेल पूरी तरह थमने वाला है। जिला कलक्टर के आदेशों के बाद रोजगार विभाग ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब हर आशार्थी की इंटर्नशिप उपस्थिति और भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। ऑफलाइन प्रमाण पत्र का दौर खत्म कर दिया है और नया पोर्टल रोजगार विनिमय प्रबंधन प्रणाली 2.0 (ईईएमएस 2.0) लॉन्च कर दिया है। इस पोर्टल पर संस्था प्रधान सीधे आधार से डिजिटल हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र सबमिट करेंगे और रोजगार विभाग उसी आधार पर भुगतान करेगा।
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए उठाया कदम
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में लगातार फर्जीवाड़े की शिकायतें सामने आने के बाद सरकार ने अब बड़ा कदम उठाया है। बेरोजगारी भत्ते में गड़बड़ी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पोर्टल को और अधिक सख्त बना दिया है। अब आवेदन से लेकर इंटर्नशिप तक हर चरण में परिवार की पूरी कुंडली खंगाली जाएगी। नई व्यवस्था में ईईएमएस 2.0 प्रणाली लागू की है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से हर गतिविधि की मॉनिटरिंग होगी। इससे इंटर्नशिप की हाजरी में होने वाले फर्जीवाड़े पर भी पूरी तरह रोक लगेगी और बेरोजगारी भत्ते का खेल अब खत्म होने का दावा किया जा रहा है।
दो से ज्यादा सदस्य नहीं उठा सकेंगे लाभ
प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में आवेदन के डाटा को जनाधार से मैप किया जा रहा है। इससे पूरे परिवार की जानकारी पोर्टल पर दर्ज होगी और एक ही परिवार के दो से ज्यादा सदस्य योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे। बेरोजगार अभ्यर्थियों की इंटर्नशिप उपस्थिति भी अब संबंधित कार्यालय अध्यक्ष की आईडी से दर्ज होगी। इस व्यवस्था से हाजरी में होने वाले फर्जीवाड़े पर भी पूरी तरह लगाम लगेगी।
ऑफलाइन प्रमाण पत्र खत्म, अब डिजिटल हस्ताक्षर जरूरी
पहले आशार्थियों को इंटर्नशिप उपस्थिति प्रमाण पत्र ऑफलाइन जारी होता था और वे स्वयं पोर्टल पर अपलोड करते थे। अब यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी है। संस्था प्रधान सीधे पोर्टल पर आधार से ई-हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र सबमिट करेंगे और रोजगार विभाग उसी आधार पर भुगतान करेगा। उधर, हर माह की उपस्थिति अब ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। अनुपस्थित दिनों की संख्या सेव करने के बाद आधार से ई-हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र स्वतः रोजगार विभाग को भेजा जाएगा।
फैक्ट फाइल...
- जिले में वर्तमान में इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों की संख्या-2710
-छात्राें को मिल रहा बेरोजगारी भत्ता-4000 रुपए
-छात्रों को मिल रहा बेरोजगारी भत्ता- 4500 रुपए
इनका कहना है...
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में सरकार ने सख्त कदम उठाया है। ईईएमएमएस 2.0 के साथ राज्य सरकार ने योजना में आवेदन के डाटा के जनाधार से मैपिंग होगा। चयनित अभ्यर्थियों की इंटर्नशिप की उपिस्थति भी कार्यालय अध्यक्षों की आइडी से अपलोड होगी। इससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।
सरस्वती मलिक, सहायक निदेशक, रोजगार कार्यालय सवाईमाधोपुर
Comments